संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर बिहार सरकार के निर्देश पर समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को बैसा प्रखंड में पांच अलग-अलग स्थानों पर संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य अनुसूचित जाति टोलों में रहने वाले पात्र परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना था।
कंफलिया पंचायत के सोनापुर, कंजिया पंचायत के सोनापुर घेराबाड़ी, मालोपाड़ा पंचायत के वार्ड संख्या-4, मुंगरा प्याजी पंचायत के दुर्गापुर तथा शीशाबाड़ी स्थित सामुदायिक भवन में शिविर लगाए गए। मालोपाड़ा में आयोजित शिविर का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने संत रविदास एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शिविर में आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। एसडीओ ने अधिकारियों को पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर सीओ गोपाल कुमार, समिति प्रतिनिधि तहजीब आलम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। बीडीओ हेम शंकर राही ने कहा कि शिविर के माध्यम से पात्र परिवारों को चिन्हित कर सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। शिविर के आयोजन से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिली।
Post a Comment