Top News

विशेष ग्राम सभा में विकास योजनाओं के कई प्रस्ताव पारित


कुरसेला। प्रखंड के दक्षिणी मुरादपुर पंचायत भवन परिसर में शनिवार को सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता पंचायत के मुखिया ललन राम ने की। ग्राम सभा में जिला परिषद सदस्य उमेश यादव, उप प्रमुख रंजीत महतो, बीडीओ कुमारी प्रियंवदा, पंचायती राज पदाधिकारी शांतनु ठाकुर एवं पंचायत सचिव गुड्डू कुमार मौजूद रहे।

ग्राम सभा में पंचायत के विकास कार्यों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। वार्ड संख्या 6, 7 एवं 8 में जीविका दीदियों की वीओ बैठक के लिए चबूतरा निर्माण का प्रस्ताव लिया गया। वहीं पंचायत भवन परिसर में जीविका दीदियों की बैठक के दौरान शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आरओ मशीन लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

इसके अलावा विभिन्न वार्डों में पीसीसी सड़क निर्माण व सड़क ऊंचीकरण, सार्वजनिक शौचालय एवं स्नानागार निर्माण तथा हाईमास्ट लाइट लगाने से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। पत्थर टोला में अतिरिक्त उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहूलियत हो सके।

इधर, उत्तरी मुरादपुर पंचायत भवन परिसर तथा पूर्वी मुरादपुर के राजीव गांधी सेवा केंद्र परिसर में भी ग्राम सभा आयोजित की गई। इन ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में शामिल लाभुकों के नामों का अनुमोदन किया गया। मौके पर उत्तरी मुरादपुर पंचायत के मुखिया अविनाश सिंह, पंचायत सचिव पप्पू कुमार समेत दर्जनों ग्रामीण, लाभुक, जीविका दीदियां एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, रोशनी समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post