पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़
बायसी थाना क्षेत्र के चोपड़ा वार्ड नंबर-4 में एक महिला ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़, मारपीट, कपड़े फाड़कर अर्धनग्न करने, घर में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता अमिका देवी (26), पति दया रॉय, निवासी चोपड़ा वार्ड नंबर-4 के अनुसार घटना 24 सितंबर 2026 की शाम करीब चार बजे की है। आवेदन में उसने आरोप लगाया है कि गांव का ही प्यारे कुमार रॉय उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ थप्पड़ और लात-घूंसे से मारपीट की। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसका ब्लाउज फाड़ दिया गया और उसे अर्धनग्न कर दिया गया।
महिला के मुताबिक, घटना के दौरान उसकी मां पुतुल देवी मौके पर पहुंचीं और आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसकी मां के साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे।आवेदन के अनुसार, इसी दौरान आरोपी की मां भुगलिया देवी भी वहां पहुंची और अपने बेटे को वहां से निकालने के दौरान कथित तौर पर महिला के घर में तोड़फोड़ की। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके कच्चे घर की टाटी तोड़ दी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि बिछावन के नीचे रखे 550 रुपये भुगलिया देवी ने उठा लिए और फिर अपने बेटे को लेकर वहां से चली गई।
पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि घर से निकलते समय प्यारे कुमार रॉय ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कथित तौर पर कहा कि थाना पुलिस जाने से उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी का बायसी थाना में अक्सर किसी न किसी व्यक्ति की पैरवी के सिलसिले में आना-जाना रहता है।महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसने बायसी थाना में लिखित शिकायत दी, लेकिन आरोपी का नाम देखते ही उसे वहां से भगा दिया गया। उसने अपने थाना पहुंचने की पुष्टि के लिए थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग भी की है।पीड़िता ने अब पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप करते हुए आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

Post a Comment