रघुनाथपुर पंचायत के भेलाही वार्ड छह में सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ पांच घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने चार घरों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात और कीमती कपड़े चोरी कर लिए, जबकि एक घर से चार्ज में लगा मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, विद्यानंद यादव के घर से 11 हजार रुपये नकद और जेवरात, योगेंद्र यादव के घर से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात, छोटी यादव के घर से सात हजार रुपये नकद, जेवरात एवं कीमती कपड़े तथा मिठ्ठन यादव के घर से जेवरात और कपड़े चोरी किए गए। वहीं भेलाही वार्ड पांच निवासी शंभू यादव का चार्ज में लगा मोबाइल भी चोर ले गए।
चोरी के बाद चोर बक्से एवं अन्य सामान घरों के पीछे और बांसबाड़ी में फेंककर फरार हो गए। गृहस्वामियों को घटना की जानकारी होने पर शोर मचाया गया और आसपास खोजबीन की गई, लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका। सूचना पर 112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि गश्ती टीम ने घटनास्थल के आसपास से फेंके गए बक्से बरामद किए हैं। मिठ्ठन यादव के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Post a Comment