कोढ़ा। कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के चंदवा एवं मधुरा पंचायत में आयोजित जन सहयोग एवं पंचायत सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। शिविर में भाजपा विधायक प्रतिनिधि रमण झा, भाजपा जिला महामंत्री रामनाथ पाण्डेय, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह, मुखिया मिन्हाज खान एवं बीडीओ राज कुमार पंडित सहित एनडीए के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिविर में आमजनों से प्राप्त विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने की पहल की गई। वहीं, पात्र लाभार्थियों के बीच जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र, जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए।
भाजपा विधायक प्रतिनिधि रमण झा ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने और उनके त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाना ही शिविर का मुख्य उद्देश्य है।
अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की। शिविर में प्रमाणपत्र एवं दस्तावेज मिलने से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Post a Comment