गुरु-शिष्य की गौरवशाली परंपरा, शिक्षकों के योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को नमन करते हुए जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया। नर्सरी से कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों ने अपने-अपने कक्षाचार्यों का सम्मान एवं अभिनंदन किया। वहीं, वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विद्यालय की हेड गर्ल ने ‘विद्यार्थी के जीवन में शिक्षक का महत्व’ विषय पर विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों के समूह गीत और नृत्य ने समारोह में भावनात्मक एवं सांस्कृतिक रंग भर दिया। डायरेक्टर-प्रिंसिपल श्रीमती पुलोमा नंदी ने शिक्षकों की निष्ठा, समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षकों के मार्गदर्शन, अनुशासन और जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का आकर्षण शिक्षकों का रैंप वॉक रहा। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक खेलों में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रशासनिक टीम की विशेष प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों को उनके योगदान के सम्मान में उपहार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर ‘मिस्टर गोयनका’ एवं ‘मिस गोयनका’ का चयन भी किया गया। श्री रोहित वर्मा को ‘मिस्टर गोयनका’ तथा श्रीमती कैरोलीन योंजन को ‘मिस गोयनका’ चुना गया।
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ उनमें संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन की सही दिशा विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता, डायरेक्टर राजेश अग्रवाल, अशोक सर्राफ, डायरेक्टर-प्रिंसिपल श्रीमती पुलोमा नंदी, उपप्रधानाचार्य राज कुमार दास, वरिष्ठ समन्वयक त्रिवेणी पाण्डेय, समन्वयक विवेक गुप्ता, इन्द्राणी मुखर्जी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं प्रशासनिक सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का समापन केक काटने एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Post a Comment