मुरलीगंज / मिथिलेश कुमार
मधेपुरा : मुरलीगंज बाजार स्थित व्याहुत पंचायत समिति की ओर से रविवार को कुलदेव भगवान बलभद्र के पूजनोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इससे पूर्व व्याहुत पंचायत समिति भवन परिसर में भगवान बलभद्र की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
पूजनोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पीले वस्त्र धारण कर शामिल हुए। शोभायात्रा व्याहुत पंचायत समिति परिसर से निकलकर गोलबाजार, हाट बाजार, मिडिल चौक, दुर्गा मंदिर चौक एवं हरिद्वार चौक होते हुए पुनः व्याहुत पंचायत समिति भवन परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालु पीला ध्वज लेकर भगवान बलभद्र के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों से पूरा बाजार भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा में बच्चों को भगवान बलभद्र एवं श्रीकृष्ण के रूप में सजाकर आकर्षक रथ पर बैठाया गया था, जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं कोलकाता से पहुंची त्रिकाल झांकी की टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ विभिन्न झांकियों की प्रस्तुति देकर शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई।
व्याहुत पंचायत समिति के अध्यक्ष शिवशंकर भगत ने बताया कि प्रत्येक वर्ष समाज के कुलदेव भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। आयोजन की तैयारी में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज के लोगों का सराहनीय योगदान रहता है। उन्होंने बताया कि पूजनोत्सव में आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जिलों से भी समाज के लोग पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होते हैं।
समिति के सचिव प्रेम कुमार उर्फ मुन्ना भगत ने बताया कि भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार की रात भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन में कोषाध्यक्ष अशोक भगत, उपाध्यक्ष सुजीत कुमार शास्त्री, गुड्डू भगत, अर्जुन भगत, बबलू भगत, प्रकाश भगत, चंद्र प्रकाश भगत, रवि भगत सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं श्रद्धालु शामिल हुए। बलभद्र भोज में भी व्याहुत समाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने हिस्सा लिया। आयोजन को सफल बनाने में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।

Post a Comment