Top News

बसगढ़ा स्कूल के पास 302 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार


कोढ़ा। कोढ़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बसगढ़ा स्कूल के समीप से 302 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब को तीन पहिया जुगाड़ गाड़ी में लकड़ियों के बीच छिपाकर ले जा रहे पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के शदीली चौक निवासी अब्दुल बारीक (28) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगाड़ गाड़ी में छिपाकर भारी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बसगढ़ा स्कूल के पास घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान लकड़ियों के बीच छिपाकर रखी 20 कार्टून किंगफिशर बीयर, चार कार्टून अंपायर ब्लू और तीन कार्टून रॉयल स्टैग बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 302 लीटर बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोढ़ा थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में एसआई संजीत कुमार, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार समेत पुलिस बल शामिल थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post