Top News

NH-31 पर ‘मौत का गड्ढा’! बेलौरी-सौरा पुल पर कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा


 एनएच-31 पर बेलौरी स्थित सौरा नदी पुल की सड़क पर बना बड़ा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का सबब बन गया है। पुल के बीचों-बीच सड़क टूटकर गिट्टियों में तब्दील हो गई है। इस मार्ग से रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है, ऐसे में गड्ढे के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय वाहन चालकों के अनुसार, पुल पर वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं। ऐसे में अचानक सामने गड्ढा आने से चालक वाहन को संभालने के लिए अचानक ब्रेक लगाते या दिशा बदलते हैं। इससे खासकर बाइक सवारों के संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है।

ओवरटेकिंग के दौरान बढ़ जाता है खतरा
गड्ढे से बचने के लिए वाहन चालक अचानक दूसरी लेन में चले जाते हैं। ऐसे में पीछे या सामने से आ रहे वाहनों से टक्कर की आशंका बनी रहती है। रात के समय स्थिति और खतरनाक हो जाती है, क्योंकि गड्ढा दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देता।

स्थानीय निवासी पवन कुमार ने कहा कि यह सड़क पूर्णिया और आसपास के जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। पुल पर सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थानीय लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

मरम्मत के साथ गुणवत्ता जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पुल पर बने गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि मरम्मत होने तक पुल के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पहले से खतरे का संकेत मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post