Top News

पूर्णिया में Gen-Z और Gen-Alpha का हल्लाबोल, शिक्षा व्यवस्था पर सरकार से पूछे सवाल

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएसए) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के ‘जेन-जी राइजिंग : बिहार अध्याय अभियान’ के तहत सोमवार को पूर्णिया में छात्र-युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नई पीढ़ी के छात्र-युवाओं ने भाग लिया। छात्र-युवा संसद में स्कूल से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक की शिक्षा व्यवस्था, संसाधनों की कमी, शैक्षणिक सत्र में विलंब तथा नई शिक्षा नीति-2020 से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत कुशवाहा ने कहा कि जंतर-मंतर से उठी नई पीढ़ी के आंदोलन की आवाज और बदलाव के जज्बे को बिहार के गांव-शहर, विश्वविद्यालयों और स्कूलों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एआईएसए-आरवाईए विभिन्न जिलों में अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान छात्रों और युवाओं से संवाद कर उनकी वास्तविक समस्याओं और सवालों को सामने लाया जा रहा है।

एआईएसए के राज्य अध्यक्ष ने पूर्णिया विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से सत्र विलंब, शैक्षणिक एवं आधारभूत संसाधनों की कमी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। छात्रों ने नई शिक्षा नीति-2020 के संदर्भ में शिक्षा के केंद्रीकरण, बाजारीकरण, फीस वृद्धि और अव्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। छात्रों का कहना था कि समय पर पढ़ाई और परीक्षाएं नहीं होने से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

वहीं, स्कूलों के छात्रों ने भी अपनी समस्याएं संसद के सामने रखीं। छात्रों के अनुसार कई स्कूलों में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था, शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति को लेकर समस्याएं हैं। छात्र-युवा संसद में स्कूलों की इमारतों और शैक्षणिक परिसरों के कथित भगवाकरणबका मुद्दा भी उठाया गया।

पटना विश्वविद्यालय की छात्रा शबा ने कहा कि नई पीढ़ी के बाद अब उससे भी छोटी पीढ़ी के छात्र भी शिक्षा के अधिकार और बेहतर भविष्य को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक परीक्षा, महाविद्यालय या विद्यालय की समस्या नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े व्यापक सवाल हैं। सरकार को छात्रों की आवाज सुनकर गुणवत्तापूर्ण, समान और लोकतांत्रिक शिक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

एआईएसए-आरवाईए ने कहा कि ‘जेन-जी राइजिंग’ अभियान के तहत बिहार के विभिन्न जिलों में छात्रों और युवाओं के सवालों को संगठित किया जाएगा। इन मुद्दों को आगामी 6 सितंबर को पटना में आयोजित होने वाली छात्र-युवा संसद में भी उठाया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post