Top News

ना BMW, ना घोड़ी… ट्रैक्टर पर सवार होकर दुल्हन लेने निकला दूल्हा, लोग बोले- वाह!

आज के दौर में शादी-ब्याह का मतलब अक्सर लग्जरी कार, घोड़ी और भव्य बारात से जोड़ा जाता है। लेकिन कटिहार जिले के फलका प्रखंड में एक दूल्हे ने इन तमाम दिखावों से अलग हटकर ऐसा अंदाज चुना, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां दूल्हा लग्जरी कार में नहीं, बल्कि ट्रैक्टर पर सवार होकर दुल्हन के घर पहुंचा और खास बात यह रही कि ट्रैक्टर की स्टेयरिंग खुद दूल्हे ने थाम रखी थी। मोरसंडा पंचायत के मांगणपट्टी गांव निवासी मो. महबूब के पुत्र दिलशाद उर्फ राजा का निकाह मोरसंडा गांव निवासी मो. आबिद की पुत्री रौनक परवीन के साथ हुआ। निकाह के लिए जब बारात निकली तो सड़क पर मौजूद लोगों की नजरें अचानक ट्रैक्टर की ओर टिक गईं।
सिर पर सेहरा, बदन पर पारंपरिक परिधान और हाथों में ट्रैक्टर की स्टेयरिंग। दूल्हा दिलशाद पूरे आत्मविश्वास के साथ खुद ट्रैक्टर चलाते हुए बारात लेकर दुल्हन के घर की ओर रवाना हुआ। पीछे बाराती खुशी में झूमते और इस अनोखी बारात का आनंद लेते नजर आए।
ट्रैक्टर सिर्फ वाहन नहीं, किसान की पहचान

दूल्हे का कहना है कि उनका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है। उनके लिए ट्रैक्टर महज खेतों में चलने वाला वाहन नहीं, बल्कि मेहनत, संघर्ष और किसान की पहचान का प्रतीक है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी शादी में ट्रैक्टर को बारात का वाहन बनाने का फैसला किया। दूल्हे के इस अंदाज ने रास्ते में लोगों को भी खूब आकर्षित किया। ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी और लोग अपने मोबाइल फोन से दूल्हे की तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे। देखते ही देखते यह अनोखी बारात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

सादगी ने जीता लोगों का दिल

बारात में मोरसंडा पंचायत के मुखिया अजहरुद्दीन उर्फ राजू नायक समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। लोगों ने नवदंपती को निकाह की मुबारकबाद दी और दूल्हे के इस अनोखे अंदाज की जमकर सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आज जब शादी में दिखावे और महंगी गाड़ियों का चलन बढ़ता जा रहा है, ऐसे में ट्रैक्टर पर बारात निकालना सादगी के साथ अपनी मिट्टी और किसान संस्कृति पर गर्व करने का संदेश देता है। दिलशाद की यह बारात इसलिए भी खास बन गई कि दूल्हा दुल्हन के घर सिर्फ शादी करने नहीं पहुंचा, बल्कि अपने साथ किसान की मेहनत और अपनी जड़ों से जुड़े होने का संदेश भी लेकर पहुंचा।

Post a Comment

Previous Post Next Post