Top News

अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे करने का डीएम ने दिया निर्देश


बलरामपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष त्रिवेदी एवं विधायक संगीता देवी ने निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की चारदीवारी, मिट्टी भराई सहित अन्य अधूरे निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सुचारु रूप से आम लोगों के लिए संचालित किया जा सके। उन्होंने अस्पताल में बेहतर विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर की व्यवस्था तथा अतिरिक्त चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को समय पर सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

इससे पूर्व डीएम ने लोहागरा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लिया। उन्होंने शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि लोगों की जागरूकता और अपनी समस्याओं को लेकर शिविर में पहुंचना सरकार की पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण है।

विधायक संगीता देवी ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से यथासंभव समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने को कहा। मौके पर एसपी परिचय कुमार, बारसोई एसडीओ राजू कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post