Top News

बारसोई की सड़क बनी हादसों का पर्याय, दो दिन में दो बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त


कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत गवाल टोली से कुशीदा जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों हादसों का पर्याय बनती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और सड़क की कम चौड़ाई के कारण आए दिन बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।

बताया गया कि दो दिन पहले इसी सड़क पर एक 18 चक्का ट्रक गड्ढे में गिरकर पलट गया था। हादसे में ट्रक चालक और खलासी घायल हो गए थे। संयोग से उस समय सड़क पर कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

वहीं मंगलवार की सुबह भी इसी सड़क पर एक 16 चक्का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। घटना में चालक को हल्की चोट लगने की जानकारी है। हालांकि किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क बिहार और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रास्ते से कटिहार से मालदा और आगे कोलकाता की ओर बड़े मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। लेकिन सड़क सिंगल होने के साथ ही जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए भी स्थिति बेहद खतरनाक है। सामने से बड़े वाहन आने पर लोगों को अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे खेतों में उतरना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग अब सामान्य सड़क नहीं, बल्कि जानलेवा रास्ता बन चुका है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग को लेकर कई बार आंदोलन किया गया। समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से भी समस्या को प्रमुखता से उठाया गया तथा प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों की ओर से सड़क के विकास और चौड़ीकरण को लेकर बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद समस्या जस की तस रह जाती है। लोगों ने सरकार और संबंधित विभाग से गवाल टोली-कुशीदा मुख्य सड़क की अविलंब मरम्मत एवं चौड़ीकरण कराने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और राहगीरों की जान सुरक्षित रह सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post