कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के विषहरिया पंचायत स्थित प्रसिद्ध मां विषहरी स्थान पर वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत बुधवार को मां विषहरी की पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। पूजा को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भक्तों ने विधि-विधान से मां विषहरी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, सुख-शांति और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
पूजा के अवसर पर विषहरी स्थान परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन लगाए गए थे, जिससे पूरा परिसर उत्सवी माहौल में नजर आया।
मुख्य पुजारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि विषहरिया स्थित मां विषहरी स्थान पर लंबे समय से पूजा की परंपरा चली आ रही है। प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां के दरबार में माथा टेकते हैं और मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करते हैं। पूजा के साथ मेले का आयोजन भी वर्षों से होता आ रहा है।
आयोजकों के अनुसार मेले की अवधि करीब तीन से चार घंटे रही, लेकिन कम समय में ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
मां विषहरी की पूजा और मेले से पूरा विषहरिया पंचायत भक्तिमय हो उठा। पूजा स्थल पर देर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और चारों ओर आस्था एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला।
Post a Comment