:
टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती देने की दिशा में लायंस क्लब उड़ान ने सराहनीय पहल की है। गुरुवार को क्लब की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरलीगंज में 13 टीबी मरीजों के बीच एक माह की हाई प्रोटीन पोषण किट का वितरण किया गया। क्लब ने संकल्प लिया है कि उपचार अवधि के दौरान लगातार छह माह तक प्रत्येक महीने इन मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम चिकित्सा प्रभारी डॉ. संजीव कुमार की देखरेख में आयोजित हुआ।
इस दौरान मरीजों को बताया गया कि टीबी का सफल इलाज केवल नियमित दवा लेने से ही नहीं, बल्कि पौष्टिक एवं संतुलित आहार से भी संभव है। पोषण की कमी दूर होने से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और वे तेजी से स्वस्थ होते हैं।
लायंस क्लब उड़ान के जोनल चेयरपर्सन डॉ. मानव कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मरीजों को दवा और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है, जबकि क्लब उनकी पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने का जिम्मा निभा रहा है। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा गोद लिए गए सभी टीबी मरीजों को उपचार अवधि पूरी होने तक नियमित रूप से हाई प्रोटीन राशन किट उपलब्ध कराई जाएगी।
क्लब के अध्यक्ष डॉ. साकेत कुमार ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ लड़ाई में समाज की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है जितनी दवा। उन्होंने कहा कि मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना क्लब का उद्देश्य है। यह अभियान अगले छह माह तक हर महीने जारी रहेगा और भविष्य में भी लायंस क्लब उड़ान समाजहित के ऐसे सेवा कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में पूर्व जोन चेयरपर्सन डॉ. रूपेश कुमार, सचिव लायन संजय सुमन, कोषाध्यक्ष लायन दिलीप कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. श्याम कुमार, राहुल अग्रवाल, राहुल कुमार, राकेश कुमार, चंचल कुमार, कृष्णमोहन सहित लायंस क्लब उड़ान के कई सदस्य मौजूद रहे।
Post a Comment