Top News

रेल मंत्री के दरबार में पहुंची सीमांचल की 7 बड़ी मांगें, अररिया सांसद ने सौंपा पत्र


अररिया एवं सीमांचल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं को लेकर अररिया के सांसद ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से संबंधित मांगों को लेकर रेल मंत्री को पत्र सौंपा तथा शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान जोगबनी एवं फारबिसगंज में प्रस्तावित वाशिंग पिट लाइन और कोच अनुरक्षण परियोजना को जल्द स्वीकृति देने, अररिया-सुपौल नई रेललाइन के कार्य में तेजी लाने तथा जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से रखी गई।

इसके अलावा अररिया अमृत भारत स्टेशन का शीघ्र शुभारंभ कराने, जोगबनी-कटिहार DEMU सेवा को MEMU में परिवर्तित कर अतिरिक्त यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू करने तथा राघोपुर-देवघर सावन विशेष ट्रेन का विस्तार नरपतगंज अथवा फारबिसगंज तक करने का आग्रह किया गया।

सांसद ने लक्ष्मीपुर-फारबिसगंज नई रेललाइन के कार्य को भी आगे बढ़ाने सहित सीमांचल की रेल सुविधाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को रेल मंत्री के समक्ष रखा।

बताया गया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सांसद ने कहा कि सीमांचल का रेल विकास और यात्रियों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अररिया की आवाज संसद से लेकर सरकार तक मजबूती से उठाते रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post