पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव
रुपौली | पूर्णिया जिले के रुपौली प्रखंड अंतर्गत टीकापट्टी थाना क्षेत्र की कोयली सिमड़ा पूरब पंचायत के वार्ड संख्या-01 स्थित सिमड़ा बहियार में सत्संग मंदिर के समीप शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सिमड़ा और सपाहा गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
सूचना मिलने पर टीकापट्टी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह तथा पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चलंत एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर विभिन्न स्थानों से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पूर्णिया भेज दिया।
प्रथम दृष्टया घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं अन्य स्थान पर करने के बाद शव को सिमड़ा बहियार में लाकर फेंका गया है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविकता का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल टीकापट्टी थाना पुलिस शव की पहचान कराने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment