Top News

रुपौली में गैस रिसाव ने मचाई तबाही, लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

रुपौली (पूर्णिया): पूर्णिया जिले के रुपौली प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में गुप्ता बायो फ्यूल स्टेशन के समीप गुरुवार को घरेलू गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में चार परिवारों के घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के लोगों को अपना सामान बचाने तक का अवसर नहीं मिला। प्रभावित परिवारों के पास केवल तन पर पहने कपड़े ही सुरक्षित बच सके।जानकारी के अनुसार आग की चपेट में बिनोद ठाकुर, पवन ठाकुर, ललन ठाकुर और सुमन ठाकुर के घर आ गए। देखते ही देखते आग की लपटों ने चारों घरों को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, जरूरी दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।घटना स्थल गुप्ता बायो फ्यूल स्टेशन से मात्र 25 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिसके बीच में एक ग्रामीण सड़क है। आग लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि दिन का समय होने और स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण आग को बायो फ्यूल स्टेशन तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही रुपौली थाना पुलिस एवं छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। छोटी दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के कारण उसे पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया जा सका। इसके बाद स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया।बाद में अनुमंडल मुख्यालय धमदाहा से बड़ी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसने आग के शेष हिस्सों को पूरी तरह बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया।घटना की जानकारी मिलते ही रुपौली की अंचलाधिकारी शिवानी सुरभि एवं रुपौली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अंचलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया तथा अधीनस्थ कर्मियों को क्षति का आकलन कर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया।इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post