Top News

लो वोल्टेज से एक माह से ठप नल-जल योजना, सैकड़ों परिवार पेयजल संकट से जूझे

:



कोढ़ा प्रखंड की फुलवरिया पंचायत के वार्ड संख्या-5, 4 सहित अन्य वार्डों में लगातार लो वोल्टेज की समस्या के कारण मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत संचालित हर घर नल-जल योजना पिछले एक माह से बंद पड़ी है। इससे सैकड़ों परिवारों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी में लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए चापाकल और अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

ग्रामीण रंजीत राय, मनशेखर कुमार, विक्रय राय, अनिल मुखिया, संजीव कुमार राय, सोनी कुमारी, मंजू देवी, पिंटू राय, प्रमोद राय, मनीकांत राय और शशिकांत राय ने बताया कि पिछले एक माह से नल-जल योजना बंद है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।

नल-जल योजना के पंप संचालक ने बताया कि क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज रहने के कारण मोटर चालू नहीं हो पा रही है। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से पानी की टंकी तक जलापूर्ति बाधित है।

आंगनबाड़ी सेविका पिंकी कुमारी ने बताया कि नल-जल योजना की टंकी आंगनबाड़ी परिसर में स्थित है। योजना बंद रहने से बच्चों को भी शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में वैकल्पिक जल स्रोतों का उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे जलजनित एवं पेट संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से अविलंब लो वोल्टेज की समस्या दूर कर नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन किया जाएगा

Post a Comment

Previous Post Next Post