:
कुरसेला प्रखंड की दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के तीनघड़िया क्षेत्र में गंगा-कोसी नदी का कटाव लगातार तेज होता जा रहा है। कटाव की चपेट में आकर उपजाऊ कृषि भूमि नदी में समाती जा रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि आसपास के गांवों का अस्तित्व भी खतरे में पड़ गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
कटाव प्रभावित क्षेत्र का कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इसी गंभीर समस्या को लेकर बरारी विधायक विजय कुमार सिंह ने बिहार विधानसभा में मामला उठाया। उन्होंने जल संसाधन मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि तीनघड़िया क्षेत्र में लगातार हो रहे कटाव से गांवों के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। समय रहते प्रभावी कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया तो बड़ी संख्या में लोगों के बेघर होने के साथ उनकी आजीविका भी प्रभावित होगी।
विधायक ने सरकार से मांग की कि प्रभावित क्षेत्र में अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही पर्याप्त मात्रा में बोल्डर, जियोबैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर कटाव पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि किसानों की उपजाऊ जमीन और ग्रामीणों के घर सुरक्षित रह सकें।
Post a Comment