Top News

महेशपुर की मुख्य सड़क बदहाल, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

:



बारसोई प्रखंड के महेशपुर पंचायत की मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बारसोई अनुमंडल मुख्यालय से महेशपुर, बीघोर होते हुए पश्चिम बंगाल के रायगंज को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीरों, छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई वाहन पलट चुके हैं और लोगों को जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। यह सड़क अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग होने के साथ-साथ बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग उठाने के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सड़क की मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस महत्वपूर्ण सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post