:
बारसोई प्रखंड के लगवा दास ग्राम पंचायत अंतर्गत उदयपुर गांव में जर्जर एवं टूटी सड़क को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य मो. गुलजार आलम के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए सड़क की मरम्मत और नए निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
जिला परिषद सदस्य मो. गुलजार आलम ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। उदयपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण हर वर्ष बाढ़ से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मुख्य सड़क के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों में इस समस्या को लेकर काफी आक्रोश है, लेकिन अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि या संबंधित विभाग ने गंभीर पहल नहीं की है। उन्होंने सांसद, विधायक एवं प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में मो. मिराज, मो. सुयदल, मो. सोहेल, मो. हारून, मो. अख्तर, मो. रिजवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Post a Comment