Top News

जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद का हुआ अलंकरण


पूर्णिया। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए रविवार को गरिमामय अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों का विकास करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल हरि लूइस (एआरओ, कटिहार) के आगमन, दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और प्रेरणादायी समूहगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
विद्यालय की निदेशक-प्रधानाचार्या श्रीमती पुलोमा नंदी ने स्वागत भाषण में कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, समर्पण और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र परिषद को विद्यालय की गरिमा और मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में विद्यालय के नवगठित छात्र नेतृत्व दल का विधिवत अलंकरण किया गया। सक्षम कुमार को प्रधान छात्र, मनोरिता चौधरी को प्रधान छात्रा, शौर्य सोनी को उप-प्रधान छात्र तथा ऋतिका कुमारी बुबना को उप-प्रधान छात्रा का दायित्व सौंपा गया। इसके अलावा छात्र परिषद के पदाधिकारियों, विभिन्न सदनों के कप्तानों, उप-कप्तानों, अनुशासन प्रभारियों एवं कक्षा प्रतिनिधियों को सैश और बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। सभी छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय, समाज और राष्ट्र के प्रति निष्ठा, अनुशासन, सेवा तथा उत्कृष्ट नेतृत्व की शपथ ली।
विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भाव के साथ नेतृत्व करने की प्रेरणा दी। वहीं प्रधान छात्र सक्षम कुमार और प्रधान छात्रा मनोरिता चौधरी ने छात्र परिषद की ओर से विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूर्ण समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि कर्नल हरि लूइस ने विद्यार्थियों को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट नेतृत्व के गुण अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के सशक्त नागरिक और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने प्रत्येक दायित्व का निर्वहन ईमानदारी, समर्पण और निष्पक्षता के साथ करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय की ई-पत्रिका का भी लोकार्पण किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की साहित्यिक, रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभाओं को स्थान दिया गया है।

समारोह में विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, प्रबंधन समिति के सदस्य अशोक सर्राफ एवं राजेश अग्रवाल, निदेशक-प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी, उप-प्रधानाचार्य राज कुमार दास, वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयक त्रिबेनी पांडेय, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उप-प्रधानाचार्य राज कुमार दास ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

विद्यालय द्वारा आयोजित यह अलंकरण समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, सेवा भावना, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कार विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post