कटिहार जिले के बारसोई नगर पंचायत क्षेत्र में BUDKO द्वारा लगभग ₹2.25 करोड़ की लागत से निर्मित बारसोई जंक्शन–रेलवे स्टेशन–काली मंदिर–एसएच-98 संपर्क मार्ग निर्माण के बाद भी सड़क किनारे लगे बिजली के पोल नहीं हटाए गए हैं। इससे सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो गई है और प्रतिदिन हजारों राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना के खतरे के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के दोनों ओर प्रस्तावित तीन फीट ईंट खरंजा का निर्माण भी बिजली के पोलों के कारण अधूरा पड़ा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा सड़क का लोकार्पण कर दिए जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागों के बीच समन्वय पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण शुरू होने से पहले या निर्माण के दौरान ही BUDKO अथवा नगर पंचायत द्वारा NBPDCL से बिजली के पोल स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक इस्टीमेट मांगा गया होता, तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उनका आरोप है कि यदि आवश्यक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, तो यह प्रशासनिक लापरवाही, कर्तव्य की उपेक्षा और आम लोगों की सुरक्षा के प्रति गंभीर उदासीनता का मामला है।
20 जुलाई 2026 को स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया और सड़क से बिजली के पोलों को शीघ्र हटाने तथा अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने की मांग की।
शिकायत में पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की गई है कि BUDKO अथवा नगर पंचायत द्वारा NBPDCL से पोल शिफ्टिंग के लिए इस्टीमेट कब और किस पत्रांक के माध्यम से मांगा गया था। साथ ही यदि प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया हो तो संबंधित अभियंताओं, परियोजना पदाधिकारियों एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय और विधिक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।
इसके अलावा अधूरे निर्माण के बावजूद सड़क के लोकार्पण की जांच, सभी बिजली के पोलों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई गई है।
स्थानीय नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी रोशन अग्रवाल ने कहा कि मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो।
Post a Comment