:
कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने व्यापक फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया है। नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, मुख्य सड़कों, मोहल्लों और संवेदनशील इलाकों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है, ताकि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया कि नगरवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी वार्डों में चरणबद्ध ढंग से फॉगिंग कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि डेंगू जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए नगर पंचायत पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। कूलर, पुराने टायर, गमलों और अन्य बर्तनों में जमा पानी को नियमित रूप से खाली करें, क्योंकि ऐसे स्थान डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने के प्रमुख स्रोत होते हैं।
मुख्य पार्षद ने कहा कि डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण प्रशासन और आमजन के संयुक्त प्रयास से ही संभव है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता के अनुसार फॉगिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि पूरे नगर क्षेत्र को डेंगू के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।
Post a Comment