कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत फुलवरिया पंचायत के जयंती ग्राम स्थित विद्यालय परिसर में सांप के काटने से एक बकरी की मौत हो जाने के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने परिसर की तत्काल सफाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर और उसके आसपास लंबे समय से झाड़-झंखाड़ और गंदगी फैली हुई है। कई स्थानों पर झाड़ियां विद्यालय की खिड़कियों तक पहुंच गई हैं, जिससे सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। गुरुवार को इसी परिसर में एक बकरी को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।
विद्यालय प्रबंधन समिति की सचिव दीपा कुमारी ने बताया कि परिसर की साफ-सफाई का मुद्दा समिति की बैठकों में कई बार प्रधानाध्यापक के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने बताया कि विद्यालय के मुख्य गेट निर्माण को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह को भी अवगत कराया गया है, जिन्होंने शीघ्र गेट निर्माण का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं। ऐसे में परिसर को साफ और सुरक्षित रखना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से झाड़ियों की कटाई, नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम जल्द कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Post a Comment