:
बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता देवी ने बिहार विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान अपने क्षेत्र की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र मरम्मत और चौड़ीकरण कराने की मांग की।
विधायक ने लुत्तीपुर सड़क, सुधानी–करनपुर सड़क, निमतल्ला–बिघोड़ सड़क, आदमपुर–सुधानी सड़क, बारसोई ब्लॉक रोड तथा काजीटोला–बारियोल मुख्य मार्ग की खराब स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सड़कों के कारण लोगों को वर्षों से आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से इन सभी सड़कों की मरम्मत और आवश्यकता अनुसार चौड़ीकरण कराने की मांग की।
काजीटोला–बारियोल मुख्य मार्ग का मुद्दा लंबे समय से स्थानीय लोगों के आंदोलन का केंद्र रहा है। जिला परिषद क्षेत्र संख्या-26 के सदस्य मो. गुलजार आलम भी इस सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आवेदन दे चुके हैं। अब यह मांग बिहार विधानसभा के प्रश्नकाल में भी प्रमुखता से उठाई गई।
विधायक संगीता देवी ने सरकार से आग्रह किया कि क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों का जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
Post a Comment