Top News

एसएसबी के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 153 ग्रामीण व 167 पशुओं का हुआ उपचार

:



सीमावर्ती क्षेत्र में 19वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ उठाया। शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार झा एवं पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोबिन तिवारी के नेतृत्व में टीम ने कादो, ततपौआ, गिलाबाड़ी समेत आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों और उनके पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

शिविर में 153 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जबकि 167 पालतू पशुओं का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिससे 29 पशुपालक परिवार लाभान्वित हुए। पशुपालकों को पशुओं के पोषण, स्वच्छता, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा मौसमी रोगों से बचाव की जानकारी भी दी गई।

शिविर के बाद कमांडेंट राज कुमार खलखो ने ग्रामीणों के साथ समन्वय बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई 2026 को 19वीं वाहिनी एसएसबी परिसर, ठाकुरगंज में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। ग्रामीणों ने जलजमाव और सुखानी में आंगनबाड़ी केंद्र की आवश्यकता का मुद्दा उठाया, जिस पर कमांडेंट ने संबंधित विभागों के समक्ष समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया।

कमांडेंट ने कहा कि एसएसबी सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के स्वास्थ्य, विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय किसानों और पशुपालकों से दूध, दही, पनीर, सब्जियां, अंडा, मांस व मछली जैसी खाद्य सामग्री की खरीद को प्रोत्साहित करने की बात कही, ताकि उनकी आय बढ़ सके। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post