Top News

कसबा में लगेगा महिला आयोग का मासिक जनता दरबार, अध्यक्षा अप्सरा रानी ने की घोषणा

:


बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा अप्सरा रानी का रविवार को कसबा में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष बमबम साह एवं जदयू महिला नगर अध्यक्ष शिल्पी सुमन ने शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।

इस अवसर पर बमबम साह ने कसबा की बेटी के राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बनने पर खुशी जताते हुए इसे कसबा एवं वैश्य समाज के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने अध्यक्षा से आग्रह किया कि महिला आयोग का जनता दरबार प्रत्येक माह कम से कम एक दिन कसबा में आयोजित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पटना नहीं जाना पड़े।

इस पर अध्यक्षा अप्सरा रानी ने मांग को उचित बताते हुए घोषणा की कि अगस्त माह से प्रत्येक महीने के चौथे रविवार को कसबा में महिला आयोग का प्रशासनिक जनता दरबार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बमबम साह द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी सराहना की।

बमबम साह ने कहा कि महिला आयोग का मासिक जनता दरबार कसबा में शुरू होने से पूरे प्रमंडल के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और यह क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

सम्मान समारोह में उच्च माध्यमिक विद्यालय एकम्बा की सहायक शिक्षिका स्मिता कुमारी, प्रियंका रानी, विशाखा मंगलम, विश्वलता मंगलम, पूनम देवी, प्रिंस शर्मा, शंकर साह, दीपक साह सहित कई लोग मौजूद थे। मौके पर अध्यक्षा के पिता अशोक पोद्दार एवं उनके पति डॉ. आर.के. मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post