Top News

गुवाहाटी से मुजफ्फरपुर जा रही थी बियर की खेप, गलगलिया में पकड़ी गई

:




जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बहादुरगंज–गलगलिया मार्ग स्थित गलगलिया चेकपोस्ट पर एक ट्रक से 2,796 लीटर (233 कार्टन) विदेशी बियर बरामद की। मामले में ट्रक को जब्त कर चालक सुबोध तिवारी (निवासी- सरैया, मुजफ्फरपुर) को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी के नेतृत्व में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी बियर बरामद हुई।

तेज बारिश के बावजूद उत्पाद विभाग की टीम ने अभियान जारी रखा और ट्रक की गहन जांच कर अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की।

पूछताछ में चालक ने बताया कि बियर की खेप गुवाहाटी से मुजफ्फरपुर भेजी जा रही थी। ट्रक पश्चिम बंगाल के रास्ते गलगलिया, बहादुरगंज, कोचाधामन और अररिया होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचने वाला था।

उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ नियमित अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post