Top News

बिहार में छात्र आंदोलन का असर, किशनगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

:



पटना सहित बिहार के विभिन्न जिलों में जारी छात्र आंदोलन और प्रदर्शनों को देखते हुए किशनगंज जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसी भी संभावित विरोध-प्रदर्शन अथवा शांति भंग की स्थिति से निपटने के लिए जिला मुख्यालय सहित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

एहतियात के तौर पर समाहरणालय परिसर की सुरक्षा विशेष रूप से बढ़ाई गई है। गुरुवार को समाहरणालय परिसर और उसके प्रमुख प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की तैनाती की गई। वहीं जिले के अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।

प्रभारी एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि राज्य के अन्य जिलों में चल रहे आंदोलनों के मद्देनजर किशनगंज में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जिले के सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था में बाधा डालने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। प्रशासन ने आम लोगों और युवाओं से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में लगातार पुलिस गश्त जारी है ताकि आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post