Top News

रेलवे ट्रैक पर मिली नवविवाहिता की लाश, पति सहित तीन नामजद


खगड़ा तीन नंबर गुमटी निवासी नवविवाहिता जूही बेगम की संदिग्ध मौत मामले में टाउन थाना पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतका के पिता कुर्बान अंसारी की शिकायत पर पति तनवीर आलम, उसके बड़े भाई शमशेर आलम तथा छोटे भाई को नामजद किया गया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, 17 मई को जूही की तनवीर आलम से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कथित तौर पर ₹5 लाख दहेज की मांग को लेकर जूही को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। 1 जुलाई को पति उसे मायके छोड़ गया और कथित रूप से दहेज लाने या आत्महत्या करने की बात कही। शुक्रवार रात भी पति ने फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया, जहां कथित तौर पर गाली-गलौज और आत्महत्या के लिए उकसाया। आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर जूही देर रात घर से निकली और रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई।

शनिवार सुबह पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post