शहर के पश्चिम पल्ली स्थित जेड.ए. नर्सिंग होम में भर्ती एक वृद्ध महिला की मौत के बाद सोमवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने नर्सिंग होम प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
मृतका की पहचान पोठिया प्रखंड के चेचुआबाड़ी निवासी मलिका खातून के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि तबीयत बिगड़ने पर मलिका खातून को जेड.ए. नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, लेकिन चिकित्सकों द्वारा समुचित इलाज नहीं किया गया। जब उनकी हालत अधिक गंभीर हो गई तो उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि नर्सिंग होम का संचालन सदर अस्पताल के डीएस डॉ. अनवर हुसैन द्वारा किया जाता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नर्सिंग होम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया। महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि परिजन इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे या नहीं। वहीं, समाचार लिखे जाने तक नर्सिंग होम प्रबंधन अथवा संचालक की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Post a Comment