भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी और टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 280 किलोग्राम चाइनीज सेब की खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में एक आरोपित को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 11 बजे गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी 12वीं बटालियन के ई समवाय माफिटोला, बीओपी पेकटोला तथा टेढ़ागाछ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। बीओपी पेकटोला के उप निरीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 154/01 से लगभग 500 मीटर भारतीय क्षेत्र और भारत-नेपाल सीमा से करीब 100 मीटर अंदर की गई।
छापेमारी के दौरान नेपाल से अवैध रूप से भारत लाए जा रहे 14 कार्टन चाइनीज सेब बरामद किए गए। जब्त सेब का कुल वजन करीब 280 किलोग्राम बताया गया है। मौके से पेकटोला गांव निवासी जय प्रकाश यादव (47 वर्ष), पिता रामावतार यादव को गिरफ्तार किया गया।
एसएसबी ने जब्त सेब और गिरफ्तार आरोपित को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टेढ़ागाछ थाना के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सीमा क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस का संयुक्त अभियान लगातार जारी है।
Post a Comment