19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), ठाकुरगंज द्वारा सोमवार को वाहिनी मुख्यालय सहित सभी समवायों एवं सीमा चौकियों पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ कमांडेंट राज कुमार खलखो ने पौधारोपण कर किया।
इस दौरान अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संकल्प लिया। कमांडेंट ने कहा कि वृक्ष जलवायु संतुलन, जैव विविधता संरक्षण और मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि एसएसबी मुख्यालय ने 19वीं वाहिनी को 6000 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है, जिसके तहत अब तक 3100 पौधों का रोपण किया जा चुका है। कार्यक्रम के अंत में सभी जवानों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
Post a Comment