Top News

भवानीपुर में छात्र नेताओं का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग

:


दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन तथा नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार की संध्या भवानीपुर नगर पंचायत स्थित सर्वोदय आश्रम के समीप छात्र नेताओं ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता संजीव कुमार उर्फ़ छैला यादव ने किया। इस दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की।

छात्र नेता छैला यादव ने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत और आर्थिक कठिनाइयों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा रद्द होने या अनियमितताओं के आरोप लगने से सबसे अधिक नुकसान गरीब और मेहनतकश परिवारों के विद्यार्थियों को होता है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं प्रीतम कुमार ने सरकार से छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीरता दिखाने और परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने की मांग की। सार्थक ने भी शिक्षा सुधार और छात्र हितों की रक्षा के लिए चल रहे आंदोलनों का समर्थन जताया।

छैला यादव ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र के छात्र व्यापक आंदोलन छेड़ेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन भी करेंगे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र एवं स्थानीय युवा शामिल हुए।

Post a Comment

Previous Post Next Post