Top News

कोलकाता बंदरगाह से पहली बार विराटनगर पहुंची कार्गो रेल, नेपाल-भारत व्यापार को मिली नई रफ्तार

:


 नेपाल-भारत व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कोलकाता बंदरगाह से पहली बार कार्गो रेल सीधे विराटनगर (नेपाल) कस्टम यार्ड पहुंच गई। सोमवार दोपहर पहुंची इस रेल के जरिए स्वस्तिक ऑयल इंडस्ट्रीज के लिए तीसरे देशों से आयातित कच्चा माल लाया गया।

नेपाल–भारत पारवहन समझौते के तहत अब तीसरे देशों से आयातित सामान भारतीय रेलवे के माध्यम से सीधे विराटनगर कस्टम कार्यालय तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे पूर्वी नेपाल के उद्योगों और कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। नई व्यवस्था से माल ढुलाई में लगने वाला समय कम होगा और परिवहन लागत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।

इस कार्गो रेल सेवा का औपचारिक शुभारंभ कोलकाता स्थित नेपाली महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता कस्टम, कोलकाता पोर्ट तथा भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड (कोनकार) के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया था। सोमवार को विराटनगर कस्टम यार्ड पहुंचने पर भंसार (कस्टम) कार्यालय के अधिकारियों एवं उद्योग-व्यवसायियों ने कार्गो रेल का स्वागत किया।

उद्योगपतियों ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब उद्योगों के लिए आवश्यक कच्चे माल का आयात पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और किफायती होगा। इससे उत्पादन लागत घटेगी और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले बथनाहा से विराटनगर कस्टम यार्ड तक कार्गो रेल सेवा शुरू की गई थी, लेकिन वह नियमित रूप से संचालित नहीं हो सकी। वर्ष 2023 में एक बार रेल पहुंचने के बाद यह सेवा बंद हो गई थी।

अब नीतिगत मंजूरी और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद कोलकाता बंदरगाह से विराटनगर तक नियमित कार्गो रेल परिचालन का रास्ता साफ हो गया है। इसे नेपाल के व्यापार, उद्योग और भारत-नेपाल सीमा पार होने वाले आयात-निर्यात के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post