Top News

पंचायत विकास दिवस पर गूंजीं ग्रामीणों की समस्याएं, सड़क-नाली समेत मूलभूत सुविधाओं की उठी मांग

:



कोढ़ा प्रखंड की रौतारा और राजवाड़ा पंचायत में रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, आवास, रोजगार और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

रौतारा पंचायत भवन में मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद नाजिम की अध्यक्षता तथा राजवाड़ा पंचायत भवन में हसन रजा की अध्यक्षता में बैठक हुई। पंचायत सचिव धनंजय कुमार ने पंचायत विकास दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे स्थानीय समस्याओं की पहचान और उनके समयबद्ध समाधान में सहायता मिलती है।

बैठक के दौरान पंचायत क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। ग्रामीणों ने अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने और आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने की मांग की। जनप्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि पंचायत के समग्र विकास तथा पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में पंचायत रोजगार सेवक मुल्तान अंसारी, कार्यपालक सहायक सद्दाम हुसैन, नूतन कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने पंचायत विकास में जनभागीदारी बढ़ाने और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post