Top News

नेपाली महिलाओं के नागरिकता आवेदन के लिए पंचायत स्तर पर विशेष अभियान


टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय में सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार की अध्यक्षता में नेपाली महिलाओं के भारतीय नागरिकता आवेदन से संबंधित प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पंचायत सचिवों एवं विकास मित्रों ने भाग लिया।

बीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र नेपाली महिलाओं तक नागरिकता आवेदन प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाई जाए तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होनी चाहिए, ताकि पात्र आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने पंचायत सचिवों एवं विकास मित्रों को अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने, लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने और आवेदन भरने में सहयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही प्राप्त आवेदनों का समय पर संकलन कर संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

बैठक में आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, सत्यापन की विधि और अभिलेख संधारण पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।

प्रखंड प्रशासन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नेपाली महिलाओं को नियमानुसार भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध कराना तथा पूरी प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post