भरगामा थाना क्षेत्र के खुटहा बैजनाथपुर पंचायत स्थित राम जानकी मंदिर से पश्चिम नहर पुल के समीप रविवार देर रात 25 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान सोमवार तड़के पूर्णिया में दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और पुराने विवाद सहित सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान खुटहा बैजनाथपुर वार्ड संख्या-6 निवासी शिवानंद मेहता के पुत्र संजय कुमार (25) के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर चालक था। परिजनों के अनुसार, रविवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने संजय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उसके सीने और बांह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल संजय को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पूर्णिया भेज दिया गया। सोमवार सुबह करीब तीन बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि संजय का एक अन्य ट्रैक्टर चालक से पहले से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि धनेश्वरी गांव का एक ट्रैक्टर चालक उसे लगातार धमकी देता था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजकिशोर कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment