Top News

लोकसभा में गूंजा सीमांचल की बेरोजगारी का मुद्दा, सांसद तारिक अनवर ने केंद्र पर साधा निशाना

:



कटिहार के सांसद तारिक अनवर ने लोकसभा में सीमांचल की बेरोजगारी का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाते हुए केंद्र सरकार पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कटिहार, किशनगंज, अररिया और पूर्णिया के लिए केंद्र सरकार केवल कौशल विकास केंद्रों के आंकड़े प्रस्तुत करती है, लेकिन युवाओं को रोजगार के वास्तविक अवसर उपलब्ध नहीं करा रही है।

सांसद ने कहा कि सिर्फ आंकड़े गिनाने से सीमांचल का विकास नहीं होगा। विकास तभी संभव है, जब युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए, तो युवाओं को रोज़गार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान तारिक अनवर ने केंद्र सरकार से मांग की कि सीमांचल में रोजगार सृजन के लिए ठोस नीति बनाई जाए। उन्होंने उद्योगों की स्थापना, निवेश को बढ़ावा देने और कौशल विकास के साथ रोजगार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सीमांचल के साथ किसी भी प्रकार का सौतेला व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। केंद्र सरकार को इस पिछड़े क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विशेष पैकेज और प्रभावी योजनाएं लागू करनी चाहिए, ताकि यहां के युवाओं को बेहतर भविष्य मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post