:
बैसा प्रखंड क्षेत्र के खपड़ा पंचायत अंतर्गत खपड़ा गांव निवासी मो. सतीफुल के 18 वर्षीय पुत्र मो. इरशाद आलम की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, मो. इरशाद आलम शनिवार शाम अपने सगे चाचा की बारात में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से चंदवार पंचायत जा रहे थे। रात करीब 7 बजे धुसमल गांव के समीप तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर के बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए किशनगंज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई और शादी का माहौल गम में बदल गया।
घटना पर खपड़ा पंचायत के मुखिया इंजीनियर मो. शाकिब अहमद, पूर्व समिति सदस्य मो. मुजीबुर्रहमान तथा सरपंच मो. तौहीद सहित कई जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
Post a Comment