Top News

निर्माणाधीन अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण


जिलाधिकारी आशुतोष त्रिवेदी ने बुधवार को कटिहार प्रखंड के सिरनिया स्थित निर्माणाधीन अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकारी एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बिहार सरकार सिमुलतला आवासीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय की तर्ज पर इस अत्याधुनिक अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण करा रही है। विद्यालय का निर्माण कटिहार प्रखंड के मौजा सिरनिया स्थित वक्फ स्टेट संख्या-1505, जाफरगंज की 4.32 एकड़ भूमि पर किया जा रहा है।

करीब 57.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस संयुक्त आवासीय विद्यालय में अल्पसंख्यक समुदाय के 560 छात्र-छात्राओं के नामांकन की व्यवस्था होगी। यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवास, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी आशुतोष त्रिवेदी ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जल्द से जल्द विद्यार्थियों को इस आधुनिक आवासीय विद्यालय का लाभ मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post