Top News

स्कूलों में चला साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के दिए गए टिप्स


पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर मंगलवार को कुरसेला थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें। बैंक या सरकारी संस्थाएं फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगती हैं। छात्रों को अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने, केवल आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप का उपयोग करने तथा किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल नहीं करने की सलाह दी गई।

थानाध्यक्ष ने ऑनलाइन भुगतान से पहले प्राप्तकर्ता का नाम और यूपीआई आईडी की जांच करने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा मोबाइल और ई-मेल खातों के लिए मजबूत पासवर्ड व टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने नौकरी, लॉटरी, इनाम और निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से सतर्क रहने की भी अपील की।

उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत बैंक को सूचना दें और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों के सवालों के जवाब भी दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post