:
बरारी प्रखंड के बिशनपुर पंचायत अंतर्गत बकिया गंगा घाट पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
उपमुखिया गोपाल यादव ने बताया कि बिशनपुर पंचायत निवासी रतन यादव का 22 वर्षीय पुत्र लालसर यादव मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे दियारा क्षेत्र में अपनी भैंस चराने के लिए बकिया गंगा नदी घाट पार कर रहा था। इसी दौरान नदी में पानी अधिक होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे नदी से बाहर निकालकर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया।
इस घटना पर उपमुखिया गोपाल यादव, मुकेश यादव, अरुण गौस्वामी समेत कई जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त किया। साथ ही जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष के तहत शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Post a Comment