Top News

सहयोग शिविर में मुख्य पार्षद ने सुनीं जनसमस्याएं, विद्यालय तक सड़क निर्माण की उठाई मांग



कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत अंतर्गत गेड़ाबाड़ी पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। शिविर के दौरान नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर लोगों से आवेदन लिए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों से प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। शिविर में सड़क, नाला, पेयजल, बिजली, आवास, राशन कार्ड और जलनिकासी सहित विभिन्न जनहित के मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।

इसी दौरान मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने गेड़ाबाड़ी बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय तक समुचित सड़क निर्माण की मांग को लेकर भी सहयोग शिविर में आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि विद्यालय तक पक्के रास्ते के अभाव में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलजमाव के कारण बच्चों का विद्यालय पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।

उन्होंने प्रशासन से विद्यालय तक शीघ्र सड़क निर्माण की स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराने की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क बनने से बच्चों के साथ-साथ पूरे मोहल्ले के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।
शिविर में नगर पंचायत के कर्मी, संबंधित विभागों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post