:
टेढ़ागाछ प्रखंड की बैगना पंचायत अंतर्गत चंद्रगांव–बैगना मुख्यमंत्री सड़क की बदहाल स्थिति शनिवार को एक बार फिर सामने आ गई। बैगना मदरसा के समीप सड़क पर बने बड़े गड्ढे में एक मारुति कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार चालक मुंतज़िर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया।
घटना के बाद ग्रामीणों में सड़क की जर्जर हालत को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि चंद्रगांव–बैगना मुख्यमंत्री सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील है। बरसात के दौरान जलजमाव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की कई पुलियाएं भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। पुलिया ध्वस्त होने के कारण लोगों को डायवर्सन के रास्ते आवागमन करना पड़ रहा है, जो बारिश के मौसम में बेहद जोखिम भरा है।
स्थानीय निवासी फैजी आलम, रुखसार आलम, अब्दुल मुकर्रम और पूर्व प्रखंड प्रमुख बाबुल आलम ने कहा कि सड़क की बदहाली से आम लोगों के अलावा स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को भी रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित विभाग को इसकी जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों की भराई तथा क्षतिग्रस्त पुलियों के पुनर्निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
Post a Comment