Top News

राशन कार्ड आवेदनों की समीक्षा, बीडीओ ने दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश


टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कार्यालय में शनिवार को बीडीओ अजय कुमार की अध्यक्षता में राशन कार्ड के नए आवेदनों की प्राप्ति, सत्यापन एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, अल्पसंख्यक पदाधिकारी संजीव कुमार, सभी पंचायत सचिव, विकास मित्र एवं कार्यपालक सहायक मौजूद रहे। बीडीओ ने निर्देश दिया कि पात्र परिवारों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्राप्त किए जाएं और किसी भी योग्य लाभुक को योजना से वंचित नहीं रखा जाए।

उन्होंने कहा कि आवेदन के साथ जमा दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए तथा पात्रता के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाए। लापरवाही, अनावश्यक विलंब या त्रुटि पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही आवेदन प्रक्रिया को सभी पंचायतों में पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास ने ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं अल्पसंख्यक पदाधिकारी संजीव कुमार ने खाद्य सुरक्षा योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने और पात्र लाभुकों को समय पर आवेदन कराने की अपील की।

बैठक के अंत में बीडीओ ने सभी पंचायत सचिवों, विकास मित्रों एवं कार्यपालक सहायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त करने तथा नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि राशन कार्ड से जुड़े मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post