बहादुरगंज थाना क्षेत्र के समेसर हाट वार्ड संख्या 14 में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष ने कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकान बनाने का विरोध करने पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने दुकान तोड़ने और गर्भवती महिला के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गुड्डू नदाफ (पिता फरमान नदाफ), निवासी समेसर हाट वार्ड संख्या 14, ने बहादुरगंज थाना में दिए आवेदन में बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब छह बजे मोहम्मद हबीब कथित रूप से कब्रिस्तान की जमीन पर मुर्गा काटने की दुकान बना रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमले में गुड्डू नदाफ के बाएं हाथ का अंगूठा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता फरमान नदाफ पर लोहे के बटखरे (बांट) से हमला किया गया, जिससे उनकी नाक के नीचे गंभीर चोट आई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद फरमान नदाफ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं दूसरे पक्ष के मोहम्मद हबीब ने भी गुड्डू नदाफ समेत सात लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी मुर्गे की दुकान का बांस-बल्ला काटकर फेंक दिया गया तथा उनकी गर्भवती पुत्री के पेट में लात मारकर उसे और अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई।
बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment