पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने शनिवार को कुरसेला थाना का वार्षिक निरीक्षण कर थाना में दर्ज नए एवं लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अनुसंधान कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, केस डायरी, लंबित मामलों की स्थिति तथा अनुसंधान की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से एक-एक कर बातचीत कर उनके कार्यों की जानकारी ली तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के सभी थानों का क्रमवार निरीक्षण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नए और लंबित मामलों की समीक्षा कर अनुसंधान में तेजी लाना तथा पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने नव-निर्मित कुरसेला थाना भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने भवन में थाना स्थानांतरित करने की तैयारियों एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नए भवन से थाना का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम लोगों को भी अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Post a Comment